रस्सी से बांधा, पेट्रोल छिड़का और लगा दी आग! झांसी में बेजुबान चूहे से क्रूरता का VIDEO वायरल – jhansi live rat burned cruelty viral video four named in fir lclcn
उत्तर प्रदेश के झांसी से बेजुबान जीव के साथ क्रूरता का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां कुछ युवकों पर एक जिंदा चूहे को रस्सी से बांधकर उस पर पेट्रोल जैसा ज्वलनशील पदार्थ छिड़कने और आग लगाने का आरोप है. इस घटना का करीब 47 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें चूहा आग की लपटों के बीच छटपटाता दिखाई दे रहा है, जबकि मौके पर मौजूद युवक उसे बचाने के बजाय वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो झांसी के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित ओरछा गेट की कसाई मंडी इलाके का बताया जा रहा है. वीडियो में एक छोटे से चूहे को रस्सी के सहारे लोहे के गेट पर लटकाया गया है. इसके बाद उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी जाती है.
यह भी पढ़ें: आग में छलांग, बाइक पर सवारी और बम की तलाश, झांसी में RPF के 73 डॉग्स का हैरतअंगेज प्रदर्शन
आग की चपेट में आने के बाद चूहा खुद को बचाने के लिए छटपटाता रहता है. इसी दौरान रस्सी टूटने पर वह इधर-उधर भागता दिखाई देता है. आरोप है कि वहां मौजूद युवक उसे बचाने की कोशिश करने के बजाय पूरी घटना को कैमरे में रिकॉर्ड करते रहे. इस दृश्य ने बेजुबान जीवों के प्रति संवेदनशीलता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
47 सेकंड के वीडियो ने सोशल मीडिया पर मचाया हड़कंप
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. पशु प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों ने इस घटना की कड़ी निंदा की. लोगों का कहना है कि किसी बेजुबान जीव को जानबूझकर इस तरह पीड़ा पहुंचाना बेहद क्रूर और संवेदनहीन कृत्य है. उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की.
अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया. लोगों के आक्रोश के बीच घटना पुलिस के संज्ञान में पहुंची. इसके बाद कोतवाली पुलिस ने वायरल वीडियो की जानकारी जुटाते हुए मामले में कार्रवाई शुरू की.
चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच
सीओ सिटी प्रिया सिंह के मुताबिक, सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस को एक वीडियो मिला था. इसमें एक जिंदा चूहे पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसे जलाने की घटना दिखाई दे रही थी. पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कोतवाली थाने में मुकदमा अपराध संख्या 319/26 दर्ज किया है.
पुलिस के अनुसार, इस मामले में जुनैद कुरैशी, जीशान कुरैशी, आशिक कुरैशी और शफीक को नामजद किया गया है. चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
इस घटना के बाद बेजुबान जीवों के साथ क्रूरता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
—- समाप्त —-





