21 साल की युवती, 3 आदमी और फ्लैट… छापा पड़ा तो एक आरोपी भाग गया, लातूर में पकड़ा गया रैकेट – latur prostitution racket 21 year old woman rescued two arrested lcla
महाराष्ट्र के लातूर में पुलिस ने देह व्यापार के रैकेट का भंडाफोड़ किया है. इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. वहीं, 21 साल की एक युवती को बचाया गया. पुलिस का कहना है कि युवती को जबरन इस धंधे में धकेला गया था. मामले में शामिल एक अन्य व्यक्ति मौके से फरार हो गया.
यह कार्रवाई लातूर के मौली नगर इलाके में हुई. पुलिस को यहां एक फ्लैट में कथित तौर पर देह व्यापार चलाए जाने की खबर मिली थी. सिर्फ सूचना के आधार पर छापा मारने के बजाय पुलिस ने पहले इसकी तस्दीक करने का फैसला किया. पुलिस ने शुक्रवार को एक व्यक्ति को कस्टमर बनाकर फ्लैट में भेजा. उसका काम यह पता लगाना था कि वहां सचमुच देह व्यापार कराया जा रहा है या नहीं. जब आरोप पुख्ता हो गया तो पुलिस ने फ्लैट पर छापा मार दिया.
यह भी पढ़ें: कोडवर्ड से एंट्री और लड़कियां… नागपुर के स्पा में चल रहा था सेक्स रैकेट! छापेमारी में 3 युवतियों को छुड़ाया गया
पुलिस के मुताबिक, मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया. इनकी पहचान जावेद यूसुफ सैयद और जयश्री राम तरोटे के रूप में हुई है. वहीं, एक अन्य व्यक्ति पुलिस को चकमा देकर भाग निकला. छापेमारी के दौरान पुलिस ने 21 साल की एक युवती को भी वहां से बचाया. युवती नागपुर की रहने वाली है. पुलिस का कहना है कि उसने पूछताछ में बताया कि उसे जबरन देह व्यापार में धकेला गया था.
युवती के मुताबिक, ग्राहकों से मिलने वाले पैसे का बंटवारा दोनों आरोपियों और कुछ अन्य लोगों के बीच होता था. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस कथित रैकेट में और कौन-कौन शामिल था और इसका नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है. इस मामले में लातूर के शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की है. फिलहाल दो आरोपी गिरफ्तार हैं, जबकि तीसरे व्यक्ति की तलाश की जा रही है. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.
—- समाप्त —-





