मिसाइल की तरह गिरा, बम की तरह फटा… फ्लोरिडा क्रैश का भयानक Video, 9 लोग जिंदा जले – florida learjet 60 jet plane crash 9 deaths turbulence bad weather video viral ntc pvp
अमेरिका के फ्लोरिडा में जेट प्लेन क्रैश की घटना ने दिल दहला दिया है. इस हादसे में प्लेन में सवार सभी 9 लोगों की मौत हो गई है. वे सभी प्लेन क्रैश होने के बाद लगी आग में जिंदा जल गए. इस पूरे हादसे का जो वीडियो सामने आया है वह बेहद भयावह है और डर पैदा करने वाला है. वीडियो में दिख रहा है कि कैसे प्लेन, किसी मिसाइल की तरह बहुत तेज स्पीड से सड़क पर गिरा और ब्लास्ट कर गया. इस हादसे का वीडियो वायरल हो रहा है.
फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस ने घटनास्थल का दौरा किया है. उन्होंने इस हादसे को लेकर कहा कि प्लेन आसमान से किसी मिसाइल की तरह नीचे गिरता हुआ दिखाई दिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सड़क के किनारे बड़ा गड्ढा बन गया और क्रैश प्लेन के टुकड़े काफी दूर तक फैल गए हैं.
घटना स्थल पर बिखरा मलबा
हादसे का खौफनाक वीडियो सड़क पर चल रही कारों में बैठे लोगों ने भी रिकॉर्ड किया. वीडियो में विमान तेजी से आसमान से नीचे गिरता और जमीन से टकराते ही आग के गोले में बदलता दिखाई दे रहा है. दुर्घटनास्थल पर सड़क का मलबा बिखर गया और एक बड़ा गड्ढा बन गया. चारों तरफ काले धुएं का गुबार छा गया.
अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी ने हादसे की पुष्टि की है. उनके मुताबिक, ‘लियरजेट 60’ विमान टेक्सास के ऑस्टिन से बहामास जा रहा था. फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) एक टीम भेज रहा है, जो दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहे नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड की मदद करेगी. विमान में 9 लोग सवार थे.
रविवार को यह विमान दक्षिण फ्लोरिडा के एक इलाके में सीधे नीचे आ गिरा. जमीन से टकराते ही विमान में जोरदार धमाका हुआ. यह घरों से टकराने से बाल-बाल बच गया और एक व्यस्त सड़क के पास जा गिरा. हादसे के बाद सड़क पर आग लग गई और वहां बड़ा गड्ढा बन गया.
यह भी पढ़िएः अमेरिका: फ्लोरिडा में विमान क्रैश, 9 की मौत; सड़क पर आग का गोला बना जेट
खराब मौसम, टर्बुलेंस और मेडे-मेडे
एयर ट्रैफिक कंट्रोल की रिकॉर्डिंग और फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, विमान करीब 35 हजार फीट की ऊंचाई पर पूर्व दिशा की ओर उड़ रहा था. इसी दौरान पायलट ने खराब मौसम, विमान पर बर्फ जमने और तेज टर्बुलेंस की जानकारी दी. पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल से विमान को दो हजार फीट और ऊपर ले जाने की अनुमति मांगी थी.
पायलट ने बताया कि विमान पर हल्की पारदर्शी बर्फ जम रही थी और हल्का टर्बुलेंस महसूस हो रहा था. इसके बाद कुछ ही देर में हालात तेजी से बिगड़ने लगे.
‘हम जमीन से टकराने वाले हैं’, पायलट का आखिरी संदेश
रिकॉर्डिंग के मुताबिक, विमान अचानक तेजी से ऊंचाई खोने लगा. शुरुआत में यह प्रति मिनट 10 हजार फीट, फिर 20 हजार फीट और बाद में 30 हजार फीट प्रति मिनट की रफ्तार से नीचे गिरने लगा. इस दौरान विमान की गति उसकी डिजाइन सीमा से भी अधिक हो गई. पायलट ने इमरजेंसी मैसेज भेजते हुए कहा कि प्लेन बेहद तेजी से नीचे जा रहा है.
इसके बाद उसने ‘मेडे, मेडे’ कहकर मदद मांगी. आखिरी रेडियो मैसेज में पायलट ने प्लेन के जमीन से टकराने को लेकर भी चेताया था. इसके कुछ ही पल बाद विमान तेजी से दाईं ओर मुड़ा और जमीन से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
—- समाप्त —-





